उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज!किसानों की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझने और उनका समाधान तलाशने के लिए नौतनवां के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) नवीन कुमार बाइक पर सवार होकर ग्रामीण क्षेत्रों के दौरे पर निकले। इस दौरान उन्हें ग्रामीणों से सूचना मिली कि कुछ निजी खाद विक्रेता सरकारी दरों से दुगुने दामों पर उर्वरक बेच रहे हैं। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने नायब तहसीलदार के साथ मिलकर गणेशपुर रमगढ़वा में औचक छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान त्रिपाठी एग्रो सेल्स, किसान एग्रो सेल्स, और जनता खाद भंडार नामक तीन दुकानों की गहन जांच की गई।
दुकानदारों द्वारा उर्वरक की खरीद-बिक्री और स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई। जांच के दौरान मौके पर खाद लेने आए शेख फरेंदा निवासी एक किसान ने बताया कि 1320 रुपये में मिलने वाली डीएपी खाद को 1720 रुपये में बेचा जा रहा है।
किसान के इस बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रशासन ने किसान एग्रो सेल्स को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया, जबकि अन्य दो दुकानों पर भी अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की लूट या ठगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मौके पर ही एसडीएम ने किसानों से सीधे संवाद भी किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रशासनिक स्तर पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

