डीआईजी गोरखपुर परिक्षेत्र एस चनप्पा व एसपी सोमेंद्र मीना ने श्यामदेउरवा और ठूठीबारी थाने का किया औचक निरीक्षण, जनसुनवाई के बाद सुरक्षा व्यवस्था का लिए जायजा 

इटहिया पंचमुखी शिव मंदिर का भी किए दौरा

मनोज कुमार त्रिपाठी

महराजगंज ! थाना समाधान दिवस के अवसर पर आज शनिवार को थाना श्यामदेउरवा में जनता की समस्याओं के समाधान हेतु विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर डीआईजी गोरखपुर परिक्षेत्र शिवशिंपी चनप्पा (एस चनप्पा) एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेंद्र मीना ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई की।

 

 

जनसुनवाई में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए लोगों ने अपने-अपने मामलों को अधिकारियों के समक्ष रखा। डीआईजी व एसपी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित थानाध्यक्ष व राजस्व विभाग के अधिकारियों को निष्पक्ष एवं शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से संवाद करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी निचलौल, थानाध्यक्ष श्यामदेउरवा अभिषेक सिंह सहित राजस्व व पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

गोरखपुर रेंज के डीआईजी एस. चनप्पा ने आज महराजगंज जनपद का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था और आगामी आयोजनों की तैयारियों का जायजा लिया।

इसके बाद डीआईजी चनप्पा ने भारत-नेपाल सीमा से सटे थाना ठूठीबारी का भी निरीक्षण किया। चूंकि यह क्षेत्र सीमावर्ती होने के कारण संवेदनशील है और यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु व भक्त आते हैं, इसलिए उन्होंने विशेष रूप से श्रद्धालुओं और भक्तों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीमा पर निगरानी और सुरक्षा इंतजामों को और पुख्ता करने के निर्देश दिए।

डीआईजी ने इटहिया पंचमुखी शिव मंदिर जाकर श्रावण मास की व्यवस्था का भी लिए जायजा

श्रावण मास की तैयारियों के तहत डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के साथ इटहिया स्थित प्राचीन शिव मंदिर का दौरा कर मंदिर परिसर और उसके आस-पास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रावण मास में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा जाए। साथ ही मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि श्रावण मास में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा नहीं होनी चाहिए। डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाए और सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी की जाए। निरीक्षण के दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारी व स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्होंने मंदिर की परंपराओं और वर्तमान आवश्यकताओं की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!