उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! पुलिस द्वारा फेक न्यूज एवं साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत आज थाना चौक पुलिस द्वारा जमुना प्रसाद शंभू प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को “डिजिटल वॉरियर” के रूप में प्रशिक्षित करना और साइबर अपराधों के विरुद्ध उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को फेक न्यूज की पहचान करने, उसे फैलने से रोकने, और साइबर सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारियां साझा की।
पुलिस टीम ने बताया कि कैसे सोशल मीडिया के माध्यम से गलत सूचना तेजी से फैलती है और इससे समाज में भ्रम, अशांति एवं अपराध को बढ़ावा मिल सकता है। छात्रों को बताया गया कि साइबर अपराध केवल तकनीकी दुनिया तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर आम जीवन पर भी पड़ता है।
इस दौरान छात्रों को जागरूक नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों और डिजिटल माध्यमों के जिम्मेदार उपयोग की शपथ भी दिलाई गई।
थाना चौक पुलिस ने यह भी बताया कि ऐसे कार्यक्रम आगे भी अन्य शैक्षिक संस्थानों में आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक युवा जागरूक होकर फेक न्यूज एवं साइबर अपराध के खिलाफ प्रभावी भूमिका निभा सकें।
कार्यशाला में विद्यालय के शिक्षकगण, स्थानीय अभिभावकगण तथा छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस पहल की सराहना की।

