मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज! आज दिनांक 26 जुलाई 2025 को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा व पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना द्वारा आगामी आरओ और एआरओ की परीक्षा के मद्देनजर जनपद में स्थापित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। परीक्षा केंद्र जिसमें महाराजगंज इंटरमीडिएट कॉलेज, महाराजगंज,दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज चौक, महाराजगंज,लिटिल फ्लावर स्कूल महाराजगंज, बिशप एकेडमी महाराजगंज, सेंट जोसेफ एकेडमी, महाराजगंज शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों की साफ-सफाई, कक्ष व्यवस्था, बिजली-पानी की उपलब्धता, सीसीटीवी कैमरा की स्थिति, बेंच डेस्क, सुरक्षा प्रबंधन, एवं प्रवेश/निकास द्वार आदि बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप हों। पुलिस अधीक्षक द्वारा केंद्रों पर परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने संबंधित विद्यालय प्रबंधकों एवं नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियों को समय से पूर्ण कर लें एवं किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

