उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज!जिलाधिकारी महराजगंज संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेंद्र मीना द्वारा आज बुधवार को जिला कारागार महराजगंज का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी बैरकों का गहनता से निरीक्षण किया और बंदियों से बातचीत कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण में किसी भी बैरक से कोई आपत्तिजनक वस्तु प्राप्त नहीं हुई, जिससे जेल प्रशासन की सतर्कता स्पष्ट हुई।
जेल अधीक्षक ने अधिकारियों को अवगत कराया कि नियमित रूप से उनके तथा जेल स्टाफ द्वारा कारागार की सघन चेकिंग की जाती है, ताकि जेल परिसर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न उत्पन्न हो।
निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कारागार की व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से जेल का निरीक्षण करते रहें तथा शातिर किस्म के बंदियों पर विशेष सतर्कता बरतें। इसके साथ ही समय-समय पर बंदियों की गतिविधियों की जानकारी उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराते रहें।






