एसपी ने तीनों पुलिसकर्मियों के उज्जवल भविष्य की कामना की
मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज! महराजगंज में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए तीन पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया।
सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में निरीक्षक नागरिक पुलिस रामश्रय यादव, उप निरीक्षक नागरिक पुलिस साकिर सिकन्दर अली और उप निरीक्षक नागरिक पुलिस अशोक कुमार राय शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मिना ने सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों को उनकी निष्ठापूंर्ण सेवा और उत्कृष्ट योगदान के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रत्येक पुलिस कर्मी को अंगवस्त्र और प्रशस्ति-पत्र उपहार भेंट किए।
इस सम्मान के माध्यम से उनके दीर्घकालिक समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और पुलिस सेवा में किए गए कार्यों की सराहना की गई। पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि इन कर्मियों ने अपने कार्यकाल के दौरान विभाग की गरिमा को बनाए रखा।
उन्होंने समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसपी ने सेवानिवृत्त कर्मियों के आगामी जीवन के लिए सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभी अधिकारीगण और कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के परिजनों ने भी इस भावुक क्षण में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिला मुख्यालय पर आयोजित किया गया।






