महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा में भीषण सड़क हादसा,दो बाइकों की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत, एक गंभीर

डीएम और एसपी पहुंचे मौके पर , तीनों मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया 

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज! जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरा चदरौली परतावल-महराजगंज मार्ग पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। रात करीब 10 बजे हुई इस दुर्घटना से पूरे इलाके में मातम छा गया। जानकारी के मुताबिक मृतकों में राजन (22) पुत्र अनिरुद्ध और आनंद (24) पुत्र अशोक, दोनों निवासी नगर पंचायत परतावल वार्ड संख्या 15 टोला धर्मनता, तथा तबारक (25) पुत्र वासिउल्लाह निवासी परसा खुर्द शामिल हैं।

 

बताया जाता है कि राजन और आनंद, जो आपस में चचेरे भाई थे, महराजगंज से लौट रहे थे। इसी दौरान भिटौली थाना क्षेत्र के परसा खुर्द निवासी अरमान (26) पुत्र महबूब अंसारी और तबारक अपनी बाइक से घर जा रहे थे। परतावल-महराजगंज मार्ग पर सेमरा चदरौली के पास दोनों बाइकों में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मौके पर ही राजन और तबारक की मौत हो गई, जबकि आनंद ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं अरमान गंभीर रूप से घायल है और उसे प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही श्यामदेउरवा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना भी घटनास्थल पहुंचे और मौके का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!