सोनौली बॉर्डर विना परमिट के चलने वाली 10 टूरिस्ट बसों का हुआ चालान, एक बस सीज
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! महराजगंज जनपद में आरटीओ और परिवहन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर सोनौली बॉर्डर पर अवैध रूप से संचालित विना परमिट के 10 टूरिस्ट बसों के खिलाफ कार्रवाई की है।
सोनौली रोडवेज बस स्टैंड के एक किलोमीटर की परिधि के अंदर अवैध रूप से संचालित हो रही बसों पर कार्रवाई की गई। ये बसें पर्यटकों और यात्रियों को जबरन बैठाकर प्रति माह राजस्व का लाखों रुपए का नुकसान पहुंचा रही थीं।
आरटीओ मनोज सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल मैत्री संघ के नाम पर कई टूरिस्ट बसें भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर से अवैध रूप से संचालित हो रही थीं। इससे रोडवेज को रोजाना लाखों रुपए का नुकसान हो रहा था।
इस कार्रवाई में परिवहन विभाग के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक संजय कुमार प्रेमी और आरटीओ विभाग ने मिलकर 10 टूरिस्ट बसों का चालान किया। साथ ही एक टूरिस्ट बस को सीज भी किया गया।
सोनौली बस डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक संजय कुमार प्रेमी ने बताया कि रोडवेज स्टैंड के एक किलोमीटर के परिधि के अंदर दर्जनों टूरिस्ट लग्जरी वाहन अवैध रूप से संचालित हो रहे थे। ये वाहन नेपाल से भारत आने वाले यात्रियों को कम किराए का लालच देकर बैठा लेते थे और परिवहन राजस्व का बड़े पैमाने पर नुकसान कर रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि सोनौली अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर अवैध रूप से संचालित हो रहे टूरिस्ट वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।







