भारत-नेपाल सीमा पर खाद की तस्करी का भंडाफोड़ 

नौतनवां थाना क्षेत्र के सुंडी गांव से 50 बोरी यूरिया बरामद, नेपाल ले जाने की थी तैयारी

पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी चौकसी के बाद भी सरहद पर खाद की कालाबाजारी जारी

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज! उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में पुलिस,प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के तमाम चौकसी के बाद भी नेपाल सीमा पर खाद की तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। नौतनवां थाना क्षेत्र के सरहदी गांव सुंडी में पुलिस,प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर एक घर से 50 बोरी यूरिया बरामद की है। बरामद खाद को तस्कर नेपाल ले जाने की तैयारी में थे।

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए सभी जिलों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है। इसी के तहत यह कार्रवाई की गई। तस्करी के आरोपी मिथिलेश यादव के घर से यह यूरिया बरामद हुई है।

नौतनवां के उपजिलाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि सुबह सूचना मिलने पर छापेमारी की गई। प्रारंभिक जांच में यह यूरिया नेपाल भेजने के लिए रखी गई थी। मामले की गहन जांच की जा रही है।

कार्रवाई में नौतनवां नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, कस्टम विभाग के अधिकारी, थानाध्यक्ष नौतनवां पुरुषोत्तम राव और एसएसबी के जवान शामिल रहे। प्रशासन आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रहा है। जांच में शामिल पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!