फर्जी आधार बनवाने वाला इंटरस्टेट गिरोह गिरफ्तार, यूपी ATS की बड़ी कार्रवाई

मनोज कुमार त्रिपाठी

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए फर्जी आधार कार्ड बनवाने वाले इंटरस्टेट गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के सरगना समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

 

गिरफ्तार आरोपियों में मो. नसीम, मो. साकिब, हिमांशु राय, सलमान अंसारी, गौरव गौतम, राजीव तिवारी, विशाल और मृत्यंजय शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह आज़मगढ़, गोरखपुर, सहारनपुर और मऊ जिलों में जनसेवा केंद्र चलाकर फर्जी आधार कार्ड तैयार करता था। इसके अलावा औरैया और पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद, कोलकाता में भी इनके जनसेवा केंद्र संचालित हो रहे थे।

 

 

अवैध घुसपैठियों को बना रहे थे भारतीय नागरिक

एटीएस ने खुलासा किया है कि यह गिरोह बांग्लादेशी, रोहिंग्या और नेपाली नागरिकों के फर्जी दस्तावेज़ तैयार कर उन्हें भारतीय पहचान दिलाता था। इनके माध्यम से ये अवैध घुसपैठिए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाते थे और स्थानीय स्तर पर अपनी पैठ बनाते थे।

 

 

भारी मात्रा में बरामदगी

छापेमारी के दौरान फर्जी आधार कार्ड, दस्तावेज़ और कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद की गई हैं। एटीएस का कहना है कि गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े हुए हैं और फिलहाल अन्य ठिकानों पर भी सर्च ऑपरेशन जारी है।

पूछताछ से खुलेंगे और राज

एटीएस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। उम्मीद है कि पूछताछ के बाद इस नेटवर्क से जुड़े और बड़े नामों का खुलासा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!