एसएसबी ने पिकअप पर लदी 28 बोरी यूरिया किया बरामद

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

नौतनवां महराजगंज ! सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 66 वीं वाहिनी के बीओपी हरदीडाली के जवानों ने बृहस्पतिवार को नौतनवां स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पिकअप वाहन से 28 बोरी यूरिया खाद बरामद की। बरामद खाद को आवश्यक कार्रवाई हेतु कृषि विभाग, नौतनवां को सुपुर्द कर दिया गया।

 

 

एसएसबी 66 वीं वाहिनी के असिस्टेंट कमांडेंट हरि मोहन मीणा ने बताया कि बीओपी हरदीडाली के प्रभारी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि पेट्रोल पंप के निकट बागीचे में पिकअप से यूरिया खाद पहुंचाई जाने वाली है। सूचना मिलते ही प्रभारी उपनिरीक्षक चंदन सिंह चार अन्य जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और गुप्त रूप से निगरानी शुरू कर दी।

 

कुछ देर बाद एक सफेद रंग की पिकअप वाहन आती हुई दिखाई दी। जवानों ने वाहन को घेरकर रोक लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि उसमें 28 बोरी यूरिया खाद लदी हुई है। जब उससे आवश्यक कागजात मांगे गए, तो वह प्रस्तुत करने में असमर्थ रहा।

 

सख्ती से पूछताछ करने पर चालक ने बताया कि यह खाद जाबिर अली, निवासी बहादुर शाह वार्ड नंबर 16, नौतनवां, महराजगंज की है।

जानकारी के अनुसार, जाबिर अली ने 27 अगस्त को चौरसिया खाद बीज भंडार, कैंपियरगंज से यह खाद मंगवाकर बाबू पैसिया गांव स्थित अपने बागीचे में रखवाई थी। बृहस्पतिवार को खाद को उसी बागीचे से लाकर बाईपास रोड पेट्रोल पंप के पास स्थित एक अन्य बागीचे में उतारने के निर्देश दिए थे।

 

एसएसबी जवानों ने खाद को बरामद कर कृषि विभाग, नौतनवां को सौंप दिया, जहां जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!