मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज!
नौतनवां नगर निवासी प्रेम शंकर पाण्डेय ने पूर्व चेयरमैन मोहम्मद कलीम उर्फ गुड्डू खान पर उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि उसकी भूमि (खसरा संख्या 711, रकबा 0.967 हेक्टेयर) पर जबरन कब्ज़ा किया जा रहा है, जबकि भूलेख विभाग में जमीन दर्ज है।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थानीय पुलिस और एसडीएम कार्यालय द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। यहां तक कि नापी और पैमाइश की प्रक्रिया भी पूरी नहीं की गई।
शनिवार को तहसील पहुंचकर पीड़ित ने एसडीएम नवीन कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि चार दिनों के भीतर उसे उसकी भूमि का कब्ज़ा वापस नहीं दिलाया गया, तो वह उसी जमीन पर आत्महत्या कर लेगा।

पीड़ित ने साफ कहा कि उसकी जमीन के कागजात सही हैं, बावजूद इसके प्रभावशाली लोगों के दबाव में उसे न्याय नहीं मिल रहा है। उसने प्रशासन को चेताया कि यदि कोई अनहोनी होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और आरोपितों की होगी।







