भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला फूंका, राहुल गांधी से की माफी की मांग
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! बिहार के दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय मां के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी का विरोध तेज हो गया है।

महराजगंज जिले के नौतनवां कस्बे में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला दहन भी किया।

भाजपा नेता जीतेंद्र जायसवाल ने कहा कि राहुल गांधी को इस मामले में तुरंत माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस हमेशा से निम्न स्तर की भाषा का प्रयोग करते आए हैं।
जायसवाल ने कहा कि राहुल गांधी और राजद नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री और उनकी माता के खिलाफ की गई टिप्पणी शर्मनाक है। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।


भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि जब तक राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी माफी नहीं मांगेंगे, तब तक उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।




