बारावफात पर्व को लेकर सूबे के सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
जुलूस के दौरान रहेगी चाक-चौबंद व्यवस्था, ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी
राजधानी लखनऊ में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम, जगह-जगह पुलिस बल तैनात
पुलिस महानिदेशक ने सभी जिलों के आईजी, डीआईजी कप्तानों को चौकन्ना रहने के लिए दी सख्त हिदायत,
महराजगंज में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भारी पुलिस बल के साथ परतावल बाजार में किया फ्लैग मार्च
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
लखनऊ महराजगंज! राजधानी लखनऊ सहित यूपी के अलग-अलग जिलों में शुक्रवार को बारावफात के मौके पर निकलने वाले जुलूस को लेकर यूपी के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि जुलूस निकालने के दौरान किसी भी नई परंपरा या नए रास्ते की अनुमति नहीं दी जाएगी।

डीजीपी ने सभी जिलों के आईजी, डीआईजी व कप्तानों को सख्त हिदायत दी है कि किसी भी संभावित विवाद की स्थिति में पुलिस और राजपत्रित अधिकारी तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करें। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने अधिकारियों से कहा कि जुलूस और अन्य आयोजनों की सूची पहले से तैयार कर लें और आयोजकों तथा धर्मगुरुओं के साथ संवाद स्थापित करें। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए सभी प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय करने के साथ-साथ ड्रोन कैमरों से भी नजर रखने की योजना बनाई गई है। वहीं राजधानी लखनऊ में संवेदनशील अतिसंवेदनशील इलाकों भारी मात्रा में पुलिस तैनात किया गया है।
पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने मीडिया को बताया कि पुराने लखनऊ या राजधानी लखनऊ में अलग-अलग इलाकों में बारावफात पर्व के मौके पर शुक्रवार को निकालने वाले जुलूसों के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस दौरान किसी ने खुराफात करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इधर बुधवार को महराजगंज के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने भारी पुलिस बल के साथ बारावफात पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से परतावल बाजार में फ्लैग मार्च किया । गोरखपुर महाराजगंज मार्ग से गुजरे इस मार्च ने स्थानीय लोगों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा जगाया।
फ्लैग मार्च के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लगातार भ्रमण शील रहकर संवेदनशील क्षेत्र पर विशेष नजर रखे। उन्होंने एसडीएम व सीओ को आदेश दिया कि पर्वों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए जिलाधिकारी ने कहा कि जुलूसों के लिए निर्धारित मार्गो पर अतिरिक्त चौकसी रखी जाए ताकि किसी भी शरारती तत्व के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने दोनों समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ सतत संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को सतत गस्त और भ्रमण करते रहना चाहिए ताकि लोग खुद को सुरक्षित महसूस करें।
फ्लैग मार्च के दौरान उप जिलाधिकारी सदर जीतेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर जय प्रकाश त्रिपाठी सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी तथा बड़ा संख्या में जवान मौजूद रहे।






