उमेश चन्द्र त्रिपाठी
काठमांडू नेपाल! शैक्षणिक उत्थान की दिशा में विगत साढ़े तीन दशक से सतत प्रयासरत डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार की अंतर्राष्ट्रीय ख्याति में एक और नई कड़ी जुड़ गई है। डॉ. गंगवार को नेपाल की राजधानी काठमांडू में वैश्विक मंच पर अटल समरसता रत्न अलंकरण से सम्मानित किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच की ओर से इंडो-नेपाल समरसता आर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में आयोजित वैश्विक शांति समरसता सम्मेलन के दौरान उन्हें 192 देशों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में यह विश्व प्रतिष्ठित सम्मान मिला।
नेपाल सरकार के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं न्यायमूर्ति परमानन्द झा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री अब्दुल खान व गणेश शाह, सांसद रेखा यादव एवं नरोत्तम वेद के द्वारा डॉ. गंगवार को अवार्ड देकर तथा नेपाल की टोपी और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
शिक्षा के माध्यम से राष्ट्रीय उत्थान में उल्लेखनीय योगदान, भारत की प्रतिष्ठा, भारत की शक्ति एवं भारत के पंचशील सिद्धांतों की कार्य-योजना के नैतिक समर्थन के लिए उन्हें नवाजा गया। सम्मेलन में भारत- नेपाल के बहुआयामी संबंधों, मानवीय प्रेम, एकता एवं विश्व-बंधुत्व की दिशा में कार्य करने वाले कुल 192 राष्ट्रों के नागरिकों का अभिनंदन किया गया। इनमें डॉ. गंगवार भी शामिल रहे।