मनोज कुमार त्रिपाठी
गोरखपुर ! उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक पेट्रोल पंप पर स्कूटी सवार युवती ने जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि युवती बिना हेलमेट पेट्रोल लेने पहुंची थी। पंप कर्मचारियों ने नियमों के अनुसार पेट्रोल देने से इंकार किया, जिसके बाद युवती भड़क गई।
गुस्से में युवती ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों से अभद्रता की, उन्हें गालियां दीं और विरोध करने पर मारपीट तक कर डाली। अचानक हुए इस विवाद से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पूरी घटना पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फिलहाल पेट्रोल पंप मालिक ने युवती के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। घटना के बाद युवती मौके से फरार हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





