शिक्षामित्रों ने केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी को सौंपा आभार पत्र

प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की राढ़ हैं शिक्षामित्र – पंकज चौधरी वित्त राज्यमंत्री

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज ! उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ, महाराजगंज की ओर से शनिवार को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को आभार पत्र सौंपा गया। इस अवसर पर संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिक्षक दिवस (5 सितंबर) पर शिक्षामित्रों के मानदेय वृद्धि और कैशलेस इलाज जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा से पूरे प्रदेश के शिक्षामित्रों को नई संजीवनी मिली है। इस ऐतिहासिक निर्णय से वर्षों से जूझ रहे शिक्षामित्रों की समस्याओं के समाधान की उम्मीद और मजबूत हुई है।

इस मौके पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने शिक्षामित्रों को आश्वस्त करते हुए कहा कि “शिक्षामित्र प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए मैंने पूर्व में ही उत्तर प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर ध्यान आकर्षित कराया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी मांगों पर गंभीरता दिखाते हुए मानदेय वृद्धि और कैशलेस इलाज जैसी योजनाओं की घोषणा की है। इन घोषणाओं पर शीघ्र अमल होगा, जिससे शिक्षामित्रों को वास्तविक राहत मिलेगी।

संघ के जिलाध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता, महामंत्री महेश सिंह, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा शिक्षामित्रों के श्रम, सम्मान और अस्तित्व को नई पहचान देने वाली है। लंबे समय से मानदेय वृद्धि और स्वास्थ्य सुविधा जैसी मांगें उठाई जा रही थीं, जिन्हें अब सकारात्मक दिशा मिली है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह निर्णय शिक्षामित्रों के जीवन में नई ऊर्जा और विश्वास का संचार कर रहा है। मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन के बाद आने वाली दीपावली शिक्षामित्रों के लिए भी सच्चे मायने में खुशियों की दीपावली साबित होगी।

आभार पत्र कार्यक्रम में हेमलता पांडेय, निर्भय पटेल, टुनटुन मिश्रा, दिलीप श्रीवास्तव, संतोष तिवारी, शत्रुघ्न नायक, अरुण प्रजापति, शत्रुघ्न यादव, राम नवल यादव, सत्यानंद श्रीवास्तव, दुर्गेश, हेमंत, रामजतन समेत बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!