सरकार गठन होते ही गृहमंत्री ने लिया पहला निर्णय

राष्ट्रीय शोक मनाने, मृतकों के परिवार को 1 लाख अंतिम संस्कार खर्च देने का निर्देश

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

काठमांडू! सरकार ने जेन-ज़ी आंदोलन के दौरान मारे गए लोगों की याद में राष्ट्रीय शोक मनाने का निर्णय किया है।

गृह, कानून, न्याय तथा संसदीय मामले के मंत्री ओम प्रकाश आर्याल ने सोमवार को सिंहदरबार पहुंचकर पदभार ग्रहण करते ही यह निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि उनके सम्मान में राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुकाकर राष्ट्रीय शोक मनाने का निर्णय किया गया है। मंत्रिपरिषद की बैठक करके इसकी तिथि तय की जाएगी।

इसी तरह, मंत्री आर्याल ने कहा कि मृतकों के परिवार को अंतिम संस्कार के खर्च हेतु प्रति परिवार को एक-एक लाख रुपये उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया है। साथ ही मृतकों के शव प्रबंधन के लिए निःशुल्क वाहन और दुर्गम इलाकों के लिए हेलिकॉप्टर उपलब्ध कराने का निर्णय भी किया गया है।

गृहमंत्री आर्याल ने कहा, “प्रदर्शनकारी और सुरक्षा निकाय के कर्मचारियों के सम्मान स्वरूप राष्ट्रीय शोक मनाने और राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुकाने का निर्णय किया गया है। दूसरा, मृतकों के परिवार को अंतिम संस्कार हेतु प्रति मृतक 1 लाख रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे, जिसके लिए राशि का प्रबंध वित्त मंत्रालय करेगा। तीसरा, परिवार के आग्रह अनुसार मृतकों के शव प्रबंधन के लिए निःशुल्क वाहन और दुर्गम क्षेत्रों के लिए हेलिकॉप्टर की व्यवस्था की जाएगी।

इससे पहले ही सरकार ने इस आंदोलन में मारे गए लोगों को शहीद घोषित कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!