सोनौली में महिला की संदिग्ध मौत का खुलासाः पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला राज, पति समेत 6 पर मुकदमा दर्ज

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज! महराजगंज जनपद के सोनौली थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सोनौली के वार्ड नंबर 12, घनश्याम नगर में बीते 3 सितंबर को एक 32 वर्षीय विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतका की पहचान कमलावती (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रमेश अग्रहरि की पत्नी थी।

 

 

घटना की सूचना पर सोनौली थानाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे और शव का निरीक्षण कर उसे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

थानाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि महिला की मौत सामान्य नहीं थी। इसी आधार पर पुलिस ने पति रमेश अग्रहरि समेत कुल 6 लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में बिसरा सुरक्षित रखा गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।

 

घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे। मृतका के पिता विनोद पांडे ने शुरू से ही इस मौत को संदिग्ध बताते हुए बेटी की हत्या की आशंका जताई थी। उन्होंने थाने पर पहुंचकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखने की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू की। इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

गौरतलब है कि कमलावती का विवाह लगभग 17 वर्ष पूर्व प्रेम संबंधों के चलते नेपाल में रमेश अग्रहरि से हुआ था। दोनों पति-पत्नी लंबे समय से सोनौली में साथ -साथ रह रहे थे और उनके दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 15 और 12 वर्ष बताई जा रही है।

पुलिस द्वारा की जा रही जांच से उम्मीद है कि इस मामले में जल्द ही सच्चाई सामने आएगी और दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा मिलेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!