उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज! भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में आज क्षेत्र पंचायत नौतनवां के सभागार में “आत्मनिर्भर भारत” विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राज्यसभा सांसद जय प्रकाश निषाद तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी मौजूद रहे। संगोष्ठी की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया ने की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जय प्रकाश निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जीएसटी प्रणाली में निरंतर सुधार किए जा रहे हैं। इससे व्यापारिक पारदर्शिता में वृद्धि हुई है और छोटे व्यापारियों को विशेष राहत मिली है।
विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य वक्ता नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि सरकार की नीतियां व्यापार और उद्योग के विकास का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं। उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि “वे कर सुधारों की जानकारी लें और अपने व्यवसाय को और अधिक सशक्त बनाएं।

विधायक ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जीएसटी प्रणाली में लगातार सुधार किए जा रहे हैं, जिससे व्यापारिक पारदर्शिता बढ़ रही है और व्यवसायियों का विश्वास सरकार में
मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा,“घटी जीएसटी, मिला उपहार-धन्यवाद मोदी-योगी सरकार। आज हर व्यापारी की जुबान पर यही है।
उन्होंने आगे कहा कि यह अभियान उद्यमियों और कारीगरों के परिश्रम को सम्मान देने का एक अवसर है। जीएसटी में किए गए सकारात्मक बदलावों से आम जनता को महंगाई से राहत मिली है और बचत का उत्सव हर घर तक पहुंचा है।

कार्यक्रम में विशेष रूप से नौतनवां नगर पालिका परिषद अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, सुधाकर जायसवाल, ऋषिकेश यादव, प्रदीप पांडे, संतोष जायसवाल, राधेश्याम सिंह और उमा जायसवाल सहित कई गणमान्य जन उपस्थित रहे।
इस संगोष्ठी के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करने तथा व्यापारियों व उद्यमियों को सरकार की नीतियों से जोड़ने का सशक्त प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के पहले मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथि का बुके भेंटकर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता प्रदीप सिंह ने की।









