उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! शनिवार को फरेंदा थाना दिवस में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने संयुक्त रूप से लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कुल तीन मामले सामने आए।
नागरिकों ने बिजली, सड़क, आवास, भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड और आवारा पशु नियंत्रण जैसी विभिन्न शिकायतें प्रस्तुत की।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का निवारण करना है, ताकि उन्हें न्याय के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी संतोष कुमार ने राजस्व विभाग से संबंधित जमीन विवाद की शिकायतों पर तत्काल रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही की स्थिति में जिम्मेदारों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और उनकी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर त्वरित निपटान करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि पुलिस की भूमिका केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में शांति और भरोसे का वातावरण बनाए रखना भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि थाना दिवस जैसे आयोजनों से पुलिस और जनता के बीच संवाद और भरोसे का दायरा मजबूत होता है।









