उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! महराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के ग्राम विशम्भरपुर में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने एक पटाखा फैक्ट्री का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने फैक्ट्री में चल रहे निर्माण कार्य, भंडारण की स्थिति और सुरक्षा मानकों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने संबंधित अधिकारियों और फैक्ट्री संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखा फैक्ट्रियां आबादी वाले क्षेत्रों से पर्याप्त दूरी पर संचालित होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने पटाखा निर्माण को अत्यंत संवेदनशील कार्य बताते हुए अग्नि सुरक्षा मानकों का सर्वोच्च प्राथमिकता से पालन करने पर जोर दिया और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने फैक्ट्री परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और कर्मचारियों की सतर्कता की समीक्षा की। उन्होंने स्थानीय पुलिस को ऐसी फैक्ट्रियों का समय-समय पर औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके। एसपी ने फैक्ट्री संचालकों को केवल अधिकृत जगहों पर ही निर्माण व भंडारण करने और विस्फोटक पदार्थों की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक न रखने की हिदायत भी दी।
अधिकारियों ने फैक्ट्री कर्मचारियों को सुरक्षा प्रशिक्षण देने और अग्निशमन उपकरणों को हमेशा दुरुस्त हालत में रखने के भी निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।













