सोनौली में अवैध पटाखों की बड़ी खेप बरामद

नौतनवां एसडीएम और सीओ ने की छापेमारी

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली कस्बे में नौतनवां के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नवीन कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित पटाखे बरामद किए गए। छापेमारी में पुलिस क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत सोनौली राहुल यादव और बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा।

 

 

सोनौली थानाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह को सूचना मिली थी कि कस्बे में कई स्थानों पर भारी मात्रा में पटाखे रखे हुए हैं। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। एसडीएम को भी लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ दुकानदार अवैध रूप से पटाखे छिपाकर बेच रहे हैं और इनकी तस्करी नेपाल भी की जा रही है।

इन सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने आज दोपहर एसएसबी रोड स्थित एक कटरे में छापा मारा। छापेमारी के दौरान वहां पटाखों का बड़ा भंडारण मिला, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया।

 

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया है। जिन दुकानदारों ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया था, वे अब कार्रवाई से बचने के लिए पटाखों को इधर-उधर करने में लगे हुए हैं।

उपजिलाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए गए हैं और संबंधित दुकानदारों पर आवश्यक अधिनियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!