राजस्थान के जैसलमेर में चलती बस में लगी आग, 20 यात्रियों की मौत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस हृदय विदारक घटना से हुए व्यथित

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो लाख और घायलों को 50 हजार रूपए अनुग्रह राशि देने की घोषणा

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

जैसलमेर! राजस्थान के जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक एसी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। हादसे में 20 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों, चार महिलाओं समेत 15 लोग झुलस गए हैं। मृतकों में 19 की मौके पर और 79 वर्षीय हुसैन खां की जोधपुर रेफर करने के दौरान मौत हुई।

 

 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार देर रात जैसलमेर पहुंचे और सीधे आर्मी कैंट एरिया पहुंचे, जहां उन्होंने घटना स्थल का जायजा लिया। वे लगभग 15 मिनट तक जैसलमेर में रुके और फिर जोधपुर रवाना हुए।

पोखरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने हादसे में 20 मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। उन्होंने कहा कि बस की बैट्री में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से एसी की गैस फैल गई, जिससे कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग का गोला बन गई। बस की बनावट भी संकरी थी। इन लोगों ने इमरजेंसी गेट भी पीछे लगा रखा था। जबकि दोनों तरफ होना चाहिए। इमरजेंसी तीन दरवाजे होने चाहिए। नई गाड़ी थी और एसी की गैस भी पूरी भरी हुई थी। लोगों को संभलने का भी मौका नहीं मिला। महज पांच से सात मिनट में ही बस आग का गोला बन गया।

 

 

विधायक महंत प्रतापपुरी ने कहा कि इस हादसे में 19 यात्री बस में ही जल गए थे। एक की जोधपुर में रेफर करने के दौरान मौत हो गई। मौके पर पहुंचे सीएम भावुक हो गए थे और वे अपने आप को नहीं संभाल पा रहे थे। इस घटना ने सभी को दुखी किया है। शवों की पहचान डीएनए से होगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हृदय विदारक घटना की गंभीरता एवं बेहद दुखी होने के कारण बुधवार को पटना में प्रचार का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।

पुलिस के अनुसार हादसा जैसलमेर के थईयात गांव के पास दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। बस रोजाना की तरह जैसलमेर से जोधपुर के लिए रवाना हुई थी। करीब 20 किलोमीटर दूर पहुंचने पर बस के पिछले हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही क्षणों में आग भड़क गई। घबराए यात्रियों ने बचने के लिए चलती बस से कूदना शुरू कर दिया। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और दमकल विभाग व पुलिस को सूचना दी।

बस में कुल 57 यात्री सवार थे। घायलों को पहले जैसलमेर के जवाहर अस्पताल ले जाया गया, जहां से सभी को जोधपुर रेफर कर दिया गया। अधिकांश यात्री 70 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। मृतकों की पहचान डीएनए परीक्षण से की जाएगी। जोधपुर से डीएनए और फोरेंसिक टीम जैसलमेर पहुंच चुकी है।

जिलाधिकारी प्रताप सिंह के अनुसार हादसे में झुलसे लोगों को जोधपुर रेफर कर दिया गया है। उन्होंने इस हादसे में मृतकों के परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई है। उन्होंने कहा कि मैं मृतक यात्रियों के परिजनों से अपील करता हूं कि वे इनकी पहचान के लिए जिला प्रशासन की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर पर कॉन्टैक्ट करें।

बस हादसे को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जैसलमेर में हुए एक हादसे में हुई जान-माल की हानि से व्यथित हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। उन्होंने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!