जब तक बेटियां शिक्षित और सुरक्षित नहीं होंगी तब तक विकसित भारत की परिकल्पना नहीं कर सकते- डॉ. राम पाण्डेय
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
फरेंदा महराजगंज! लाल बहादुर शास्त्री स्मारक पीजी कॉलेज आनंदनगर महराजगंज में मिशन शक्ति के तहत चलाए जा रहे कार्यक्रम के अंतिम दिन पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से लेकर चाइल्डलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 सहित सभी आपातकालीन स्थितियों के लिए पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को बताया। प्रदेश के थानों में स्थापित महिला हेल्प डेस्क के बारे में छात्राओं को विस्तार से बताया गया।
महिलाओं की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उसका त्वरित और सम्यक निवारण करने के लिए पुलिस विभाग द्वारा बनाए गए हेल्पडेस्क एवं उसके लिए थानों में अलग से नियुक्त महिला पुलिस अधिकारियों के बारे में भी छात्राओं को बताया गया। इस अवसर पर महिला पुलिस अधिकारी स्नेहलता ने विस्तार से महिला हेल्पलाइन के बारे में बताया।
महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी, महिला परामर्श केंद्र, मिशन शक्ति, एंटी रोमियो स्क्वाड के बारे में भी महिला पुलिस अधिकारी स्नेहलता ने छात्राओं को जानकारी दी। प्रदेश के सभी जिलों में महिला साइबर सेल की स्थापना और उसके द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में भी विस्तार से मैं छात्राओं को बताया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर राम पाण्डेय ने महिला अपराधों से संबंधित जानकारी दिया तथा बताया कि बेटियां देश की शान है जब तक वह शिक्षित नहीं होगी सुरक्षित नहीं होगी तब तक हम विकसित भारत की कल्पना ही नहीं कर सकते। इस अवसर पर महिला पुलिस अधिकारी स्नेहलता, गौरव चौधरी, अविरल मिश्रा सहित महाविद्यालय मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी डॉक्टर तृप्ति त्रिपाठी, प्रभारी अधिकारी डॉक्टर प्रीति यादव, डॉ अर्चना दीक्षित, डॉक्टर सोनी कुमारी सहित सभी शिक्षक एवं छात्राएं उपस्थित रहे।













