धनतेरस पर ग्राहक आभूषण और कपड़े की बड़े पैमाने पर कर रहे हैं खरीददारी
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज! देश भर में धनतेरस का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर पड़ोसी देश नेपाल में भी धनतेरस धूमधाम से मनाया जा रहा है। नेपाल के हजारों नागरिक भारतीय बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं, खासकर महराजगंज जिले से लगी भारत-नेपाल की सोनौली सीमा पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है।
नेपाली ग्राहक सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन, कपड़े और पूजा-पाठ का सामान खरीदने के लिए भारत आ रहे हैं। उनका कहना है कि नेपाल में भी धनतेरस और दीपावली का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाता है, जिसके लिए वे आज से ही खरीदारी में जुट गए हैं।
भारतीय बाजारों में खरीदारी करने आए नेपाली ग्राहकों ने बताया कि नेपाल की तुलना में भारत में सामान काफी सस्ता और आसानी से उपलब्ध है। इसी कारण वे धनतेरस पर नेपाल के बजाय भारतीय बाजारों से खरीदारी करना पसंद कर रहे हैं।
सोनौली बाजार के दुकानदारों ने बताया कि इस वर्ष धनतेरस पर पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के लोगों ने भारतीय बाजारों में पहुंचकर जमकर खरीदारी की है।













