डीएम और एसपी ने आज त्रिमुहानी घाट का निरीक्षण कर छठ पर्व की तैयारियों का जायजा लिया

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज, 23 अक्टूबर 2025, जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने आज पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीणा के साथ त्रिमुहानी घाट का निरीक्षण कर छठ पर्व की तैयारियों का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने त्रिमुहानी घाट का स्थलीय निरीक्षण कर छठ पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को घाटों पर बैरिकेडिंग, नाव की व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती तथा प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा ताकि भीड़ नियंत्रण में किसी प्रकार की समस्या न हो।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों को घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने और पर्व के बाद अवशेषों के समुचित निस्तारण हेतु भी आवश्यक कदम उठाने का आदेश दिया।

 

जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं मौके पर सुनिश्चित की जाएं, प्रकाश व्यवस्था को निर्बाध रखने हेतु जेनरेटर की व्यवस्था घाटों पर रखें। घाट पर सिल्ट आदि को पर्याप्त मात्रा में डलवाएं, ताकि फिसलन की स्थिति न रहे। मार्गों की साफ-सफाई हेतु पंचायतीराज और नगर पालिका को जरूरी निर्देश दिया। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत सादी वर्दी में महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती और आवश्यकतानुसार सीसीटीवी लगवाने का निर्देश दिया। साथ ही 24×7 कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने के लिए निर्देशित किया।

जिलाधिकारी ने लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन को लेकर कहा कि अधिकारी सुनिश्चित करें विसर्जन निर्धारित रूट और जगह पर ही हों तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां चाक-चौबंद रहें।

जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि मूर्ति विसर्जन के दौरान प्रशासन द्वारा बनाए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें, धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखें और स्वच्छता में सहयोग दें।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने भी पुलिस अधिकारियों को सतर्क और सक्रिय रहने के लिए कहा। कहा कि छठ पर्व में महिलाओं की भरी संख्या को देखते हुए विशेष इंतजाम रखें। सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात रखें। साथ ही सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने मूर्ति विसर्जन के दृष्टिगत निर्देशित किया कि मूर्ति विसर्जन को एसओपी के अनुसार कराएं। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल कि उपलब्धता को सुनिश्चित करें। घाटों पर अत्यधिक भीड़ होने से रोकें और आयोजकों से समन्वय करते हुए रोस्टर के अनुसार मूर्तियों का गरिमापूर्ण तरीके से विसर्जन सुनिश्चित कराएं।

इससे पूर्व दोनों अधिकारियों ने श्यामदेउरवा थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, अभिलेख, जनसुनवाई/महिला हेल्प डेस्क, मालखाना आदि का निरीक्षण कर व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने हेतु निर्देशित किया। क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने और महिलाओं के प्रति हुए अपराधों में शून्य सहिष्णुता की नीति के अनुपालन हेतु संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। कहा कि अपराधियों के प्रति सख्त रवैया अपनाएं और आमजन के साथ पुलिस का व्यवहार सद्भावनापूर्ण हो।

निरीक्षण के दौरान संबंधित थानाध्यक्ष और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!