शामली में यूपी एसटीएफ से कुख्यात बदमाशों की मुठभेड़,इनामी बदमाश अरशद समेत 4 खूंखार अपराधी ढेर, मुठभेड़ में एक इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल

 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

 

लखनऊ शामली! पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संवेदनशील शामली जिले में बीती रात कुख्यात बदमाशों से एसटीएफ के साथ एक बड़ी मुठभेड़ हुई, जिसने पूरे इलाके को दहशत में ला दिया। यूपी स्पेशल टास्क फोर्स ने कई आपराधिक मामलों में वांछित इनामी बदमाश अरशद समेत उसके अन्य साथियों को ढेर कर दिया। यह मुठभेड़ शामली जिले के झिंझाना इलाके में हुई। एसटीएफ के अधिकारियों के अनुसार इस मुठभेड़ में कुल चार बदमाश मारे गए हैं, जबकि एसटीएफ का एक इंस्पेक्टर घायल हो गया है। घायल इंस्पेक्टर को इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल भेजा गया है।

 

एसटीएफ ने मीडिया को जानकारी दी कि मुठभेड़ के दौरान मारे गए बदमाशों में अरशद, मंजीत, सतीश और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। इन बदमाशों पर लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप थे। अरशद, जो कि मुस्तफा कग्गा गिरोह का सदस्य था, पर लूट के मामले में एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित था। वह थाना बेहट, सहारनपुर का वांछित अपराधी था। मुठभेड़ में एसटीएफ के इंस्पेक्टर सुनील को भी गोली लगी, जिन्हें गंभीर हालत में मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया है।

 

40 मिनट तक तड़तड़ाई गोलियां

 

एसटीएफ ने बताया कि बदमाशों ने मुठभेड़ के दौरान पुलिस कर्मियों पर करीब 40 मिनट तक पर अंधाधुंध गोलियां चलायीं। इस दौरान लगभग 30 राउंड फायरिंग की गई। इसके बावजूद, एसटीएफ ने रणनीतिक तरीके से जवाबी कार्रवाई करते हुए चार बदमाशों को मार गिराया।

 

यह मुठभेड़ 2004 के जौनपुर मुठभेड़ के बाद यूपी का सबसे बड़ा मुठभेड़ माना जा रहा है। उस समय बावरिया गिरोह के आठ बदमाशों को मुठभेड़ में मारा गया था। अब 2025 में, यूपी एसटीएफ ने शामली में चार खूंखार अपराधियों को ढेर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!