अपनी समृद्धि और सांस्कृतिक पहचान को बखूबी दर्शाता है महराजगंज महोत्सव

विपरीत मौसम में भी लोगों में दिखा भारी उत्साह

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज! विपरीत मौसम में भी जनपद बड़े ही हर्षोल्लास और भव्य तरीके से महाराजगंज महोत्सव कार्यक्रम मनाया जा रहा है। आज से शुरू हुआ “महराजगंज महोत्सव 2025”, जो तीन दिवसीय सांस्कृतिक, कलात्मक और पारंपरिक विरासत का भव्य उत्सव है। यह आयोजन हमारी लोकसंस्कृति की सुगंध और परंपराओं की छटा से सजा एक ऐसा मंच है, जहां कला बोलती है, संगीत झूमता है और संस्कृति सजीव हो उठती है।

महोत्सव का शुभारंभ नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक ऋषि त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर महराजगंज के सांसद व भारत सरकार में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, महराजगंज सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, फरेंदा के पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में उपस्थित जनपदवासियों ने इस भव्य कार्यक्रम का आनंद लिया।

कार्यक्रम के पहले दिन लोकनृत्य, शास्त्रीय संगीत, स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉलों ने माहौल को जीवंत बना दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में उत्साह देखते ही बनता था।

विपरीत मौसम की चुनौतियों के बावजूद महोत्सव के सभी कार्यक्रमों का सफल संचालन जिला प्रशासन की कुशल व्यवस्था और टीम भावना का प्रमाण रहा। इसके लिए जिला प्रशासन की पूरी टीम को बधाई और धन्यवाद दिया जा रहा है।

आने वाले दो दिनों तक यह महोत्सव जनपद को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान से जोड़ता रहेगा, और निश्चित रूप से यह आयोजन आने वाले वर्षों तक यादगार रहेगा। महराजगंज महोत्सव – जहां संस्कृति सांस लेती है, और परंपरा मुस्कुराती है!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!