“ससुर ने कहा था मार डालो”
चार दिन पहले मुख्य आरोपी पति जेल भेजा गया- सीओ
सीओ अंकुर गौतम बोले, मामले की जांच जारी
परिजन और महिला संगठन बोले-अब ससुराल पक्ष के बाकी आरोपियों पर भी हो कड़ी कार्रवाई
मनोज कुमार त्रिपाठी
सोनौली महराजगंज! सोनौली क्षेत्र में हुई कमलावती नामक महिला की बीते दिनों कथित रूप से हुई हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। दो महीने से न्याय की गुहार लगा रहे परिजनों ने ससुराल पक्ष पर सुनियोजित हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने अब कार्रवाई तेज कर दी है।

इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) अंकुर कुमार गौतम ने बताया कि कमलावती के पति को चार दिन पहले गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और पूरे मामले की गहन जाच जारी है।
परिजन विष्णु तिवारी ने बताया कि मृतका उनके बुआ की बेटी थीं, जिनकी हत्या पारिवारिक संपत्ति और पैसों के विवाद के चलते की गई। उनका कहना है कि “मेरी बहन को लगातार प्रताड़ित किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ है कि उसके सिर और गले पर गहरी चोटें थीं। सबसे बड़ा दोषी उसका ससुर है जिसने खुद कहा था ‘मार डालो’, और आखिरकार मार दिया गया।”
घटना के बाद से परिवार व स्थानीय आमा समूह की महिलाएं लगातार न्याय की मांग कर रही हैं। उनका आरोप है कि दो महीने से कार्रवाई में देरी हो रही थी — “हर बार कहा गया, दशहरा के बाद करेंगे, दीपावली के बाद करेंगे, लेकिन न्याय नहीं मिला।”
अब पति की गिरफ्तारी के बाद परिवार और महिला समूह ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ससुर, दो भाइयों और परिवार के अन्य सहयोगियों पर भी तत्काल गिरफ्तारी की कार्रवाई हो।
CO अंकुर कुमार गौतम ने बताया कि, “मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बाकी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
कमलावती की हत्या के बाद से क्षेत्र में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो आमा समूह बॉर्डर पर अनशन और विरोध प्रदर्शन करेगा। परिजनों ने कहा कि “अब हमारी बहन के लिए न्याय चाहिए, चाहे हमें बॉर्डर बंदी ही क्यों न करनी पड़े।”


