काठमांडू एयरपोर्ट पर आई तकनीकी खराबी से अंतर्राष्ट्रीय उड़ान बाधित 

सार

नेपाल की राजधानी काठमांडू के त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे लाइटिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी आने से उड़ान संचालन बाधित हुआ। शाम 5:30 बजे यह समस्या आई, जिससे कई उड़ानें होल्ड पर रहीं। हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी टीम जल्द ही इसे ठीक करने में जुटी है। काठमांडू का हवाई अड्डा नेपाल का एकमात्र अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा है, जो देश के पर्यटन और व्यापार के लिए महत्वपूर्ण है।

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

काठमांडू ! नेपाल की राजधानी काठमांडू के त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार शाम अचानक उड़ान संचालन रोक दिया गया। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि रनवे की लाइटिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के कारण सभी उड़ानें अस्थायी रूप से रोकनी पड़ीं।

यह तकनीकी दिक्कत शाम करीब 5:30 बजे (स्थानीय समय) पर सामने आई। इसके बाद हवाई अड्डे पर आने और जाने वाली सभी उड़ानों में देरी होने लगी।

हवाई अड्डे के प्रवक्ता रेनजी शेरपा ने बताया कि, “रनवे के एयरफील्ड लाइटिंग सिस्टम में समस्या आई है। इस वजह से फिलहाल कम से कम पांच उड़ानें होल्ड पर हैं। सभी घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों की आवागमन में देरी हो रही है।” उन्होंने कहा कि टीम तकनीकी गड़बड़ी को जल्द ठीक करने में जुटी है ताकि उड़ानें दोबारा शुरू की जा सकें।

काठमांडू का त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा नेपाल का एकमात्र अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा है। यह हवाई अड्डा रोजाना सैकड़ों उड़ानों को संभालता है और देश के पर्यटन व व्यापार के लिए बेहद अहम केंद्र माना जाता है। अधिकारियों ने बताया कि समस्या ठीक होने के बाद उड़ान सेवाएं जल्द बहाल की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!