आशाओं का धरना आठवें दिन भी जारी, बृजमनगंज में बकाया मानदेय और राज्य कर्मचारी दर्जे की मांग

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज! महराजगंज जिले के बृजमनगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आशा कार्यकत्रियों और संगिनियों का अनिश्चितकालीन धरना आठवें दिन भी जारी रहा। यह प्रदर्शन 3 नवंबर, सोमवार से चल रहा है।

आशा कार्यकत्री संगठन महाराजगंज की जिलाध्यक्ष जमीरुन निशा ने बताया कि उनकी मुख्य मांगों में बकाया मानदेय का भुगतान, निश्चित मानदेय तय करना और उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा प्रदान करना शामिल है। यह आंदोलन प्रदेश अध्यक्ष के आह्वान पर सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चल रहा है।

कार्यकत्रियों ने प्रसव संबंधी कार्यों को छोड़कर अन्य सभी स्वास्थ्य सेवाओं का बहिष्कार किया है। इस बारे में जिलाधिकारी को भी सूचित किया जा चुका है।

बृजमनगंज ब्लॉक अध्यक्ष रीता देवी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग उनसे दिन-रात काम लेता है। इसमें आभा कार्ड, आयुष्मान कार्ड और गोल्डन कार्ड बनाने से लेकर सभी ऑनलाइन कार्य शामिल हैं। इसके बावजूद उन्हें केवल 2200 रुपए मानदेय दिया जाता है।

रीता देवी ने सरकार से उनके काम और मेहनत के लिए मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपए करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, धरना जारी रहेगा। धरने में अनीता प्रजापति, सरोज देवी, विद्या देवी, रंभा देवी, सरिता, पिंगला, सत्यभामा, पूनम गौड़, बबीता, हेमलता, गीता देवी, मीरा पासवान, आशा देवी, पूजा, विद्या देवी, नेहा, सुरेखा, ममता और पूनम सहित कई आशा कार्यकत्रियां और संगिनियां उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!