मानव तस्करी जघन्य अपराध
सीमा पर कड़ी निगरानी और जन जागरुकता से ही मानव तस्करी पर लग सकता है प्रभावी अंकुश – प्रिया तिवारी उपनिरीक्षक कोतवाली सोनौली
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
सोनौली महराजगंज! महाराजगंज जनपद के सोनौली स्थित पुलिस चौकी में 22 फरवरी 2026 को मानव तस्करी रोकने पर कोर कमेटी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सोनौली थाने की महिला उप निरीक्षक प्रिया तिवारी ने की।
इस बैठक में भारत और नेपाल दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। क्रॉस-बॉर्डर ट्रैफिकिंग पर गहन चर्चा हुई, जिसमें मानव तस्करी के मामलों की पहचान, नियमित निगरानी, सुरक्षित पलायन और कानूनी प्रक्रियाओं पर संबंधित विभागों के साथ मिलकर विचार-विमर्श किया गया।
थाना सोनौली की उप निरीक्षक प्रिया तिवारी ने कहा कि सीमा पर कड़ी निगरानी और जन जागरूकता से ही मानव तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की मानव तस्करी रोधी इकाई के उप निरीक्षक ने बताया कि सभी संस्थाओं के साथ मिलकर मानव तस्करी जैसे जघन्य अपराध को रोकने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति (शाखा नौतनवां) द्वारा संचालित सुरक्षित शैशव कार्यक्रम के तहत तमिलनाडु से जेम्स और कोलकाता से श्री विद्या भी कोर कमेटी की बैठक में शामिल रहे। उन्होंने बेहतर और तीव्र संचार तथा आपसी सामंजस्य को मानव तस्करी रोकने के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बैठक में एसएसबी की 22 वीं और 66 वीं बटालियन, नेपाल पुलिस, स्वयंसेवी संस्था माइती नेपाल, पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति और सर्वहितकारी सेवा संस्थान के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।