बस की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, ग्रामीणों में फूटा गुस्सा, हाईवे घंटों रहा बंद

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

सोनौली महराजगंज 

सोनौली कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में साइकिल सवार इब्राहिम अंसारी (45) की दर्दनाक मौत हो गई। घटना नेशनल हाईवे-24 पर कुनसेरवा स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास हुई, जहा नेपाल के लुंबिनी से श्रावस्ती जा रही एक टूरिस्ट बस ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इब्राहिम अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना फैलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बस का पीछा किया और उसे छपवा टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। जाम लगते ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

 

 

सूचना पर नौतनवा क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम, सोनौली थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा, सोनौली चौकी प्रभारी गौरव यादव तथा थानाध्यक्ष नौतनवां पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया। बाद में उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद और नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई और न्याय का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खोलने की कवायद शुरू हुई।

बस में कुल 48 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!