
मनोज कुमार त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज! भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जीतेन्द्र जायसवाल ने नौतनवां ब्लाक स्थित रतनपुर सीएचसी पर संविदा चिकित्सकों द्वारा ड्यूटी के दौरान अस्पताल परिसर में अमर्यादित कृत्य किए जाने की कड़े शब्दों में निन्दा करते हुए इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य व परिवार कल्याण और जिलाधिकारी महराजगंज को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि महराजगंज जनपद के रतनपुर सीएचसी अस्पताल के राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संविदा पर तैनात चिकित्सकों द्वारा अस्पताल परिसर में मरीजों के बेड पर ड्यूटी के दौरान खुलेआम अमर्यादित कृत्य किया गया है जो निहायत ही घृणित और शर्मशार करने वाला है।
उन्होंने कहा कि संविदा चिकित्सक डॉ जेपी चौधरी, डॉ वीरेंद्र शर्मा, डॉ विश्वजीत राय, फिजियोथैरेपिस्ट संविदा डॉ जीतेन्द्र त्रिपाठी की ड्यूटी 24 फरवरी से 12 मार्च 2025 तक हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर बतौर स्वास्थ्य परीक्षण में लगी है।
उन्होंने कहा कि इन डाक्टरों द्वारा इस तरह के गंदे आचरण रखना और अपने कर्तव्यों में घोर लापरवाही करना, खुलेआम चिकित्सीय पेशे को शर्मशार करना और मरीजों तथा जनसामान्य में अपने आचरण/ कार्य-व्यवहार से प्रदेश सरकार/ शासन की छवि खराब करने वाले मनबढ़ उक्त चिकित्सकों को तत्काल प्रभाव से संविदा शिक्षक पद से बर्खास्त करते हुए इन पर विभागीय जांच और कानूनी कार्रवाई किया जाना नितांत आवश्यक है।