महराजगंज के बसंतपुर गांव में अपने दोस्त चंदन पाठक से मिलने पहुंचा जर्मन नागरिक, हुआ जोरदार स्वागत 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! हम सभी जानते हैं कि एक सच्चा दोस्त ही है जो हर हाल में अपने दोस्त के साथ खड़ा रहता है। ऐसी ही अनोखी दोस्ती का नजारा उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में देखने को मिला, जिसने लोगों को हैरान कर दिया।

दरअसल कुछ दिन पहले महराजगंज जिले के घुघली क्षेत्र के बसंतपुर गांव में एक विदेशी नागरिक पहुंचा। जर्मनी का रहने वाला यह व्यक्ति अपने भारतीय दोस्त से मिलने विशेष रूप से यहां आया, जो उनकी गहरी दोस्ती का जीवंत उदाहरण है। यह खबर गांव में फैलते ही आसपास के लोग उसे देखने और उससे मिलने के लिए उमड़ पड़े।

जर्मनी के मीर मोईतजोवी जो अपने दोस्त चंदन पाठक से मिलने उनके गांव पहुंचा था ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह कई बार भारत आ चुका हैं। कुछ साल पहले दिल्ली के एक टूर के दौरान उनकी मुलाकात चंदन से हुई थी। इस पूरे टूर में चंदन उनके साथ रहा और दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई। समय के साथ यह दोस्ती और मजबूत होती चली गई।

मोईतजोवी ने बताया कि जब वह इस बार महाकुंभ में पवित्र स्नान के लिए आया तो उसने चंदन से संपर्क किया और उसके गांव आने की इच्छा जताई। चंदन पाठक ने बिना देर किए प्रयागराज जाकर अपने दोस्त को अपने गांव लाने की व्यवस्था की। गांव पहुंचने के बाद मीर पूरी तरह देसी माहौल में घुल-मिल गया और गांव के जीवन और संस्कृति का आनंद लेने लगा।

एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत मीर मोईतजोवी को देसी अंदाज में गांव में रहते देखकर हर कोई हैरान था। उसने न केवल अपने दोस्त के गांव में समय बिताया बल्कि आसपास के पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण किया। उसने महराजगंज जिले के प्रसिद्ध दर्जनिया मगरमच्छ संरक्षण केंद्र और पूर्वांचल के मिनी बाबा धाम कहे जाने वाले इटहिया धाम का दौरा किया।

अगले दिन वह कुशीनगर पहुंचा जहां उसने बौद्ध धर्मस्थलों के इतिहास और धार्मिक कार्यक्रमों का अनुभव किया।

मीर मोईतजोवी ने बताया कि गांव में रहने का अनुभव उसके लिए बेहद खास और यादगार रहा जिसे वह जीवन भर याद रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!