नौ दिवसीय रामकथा व अखंड हवन का भव्य आयोजन
मनोज कुमार त्रिपाठी
सोनौली (महराजगंज)।
सोनौली बार्डर स्थित प्राचीन श्री रामजानकी मंदिर में ठाकुर जी की असीम अनुकंपा एवं पूज्य गुरुदेव महंत शिव नारायण दास जी महाराज की कृपा से 20वां स्थापना दिवस बड़े ही श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। यह मंदिर श्री रामजानकी पीठ का प्राचीन केंद्र होने के साथ श्री गुरु गोबिंद सिंह मंदिर की शाखा भी है, जिसका विशेष धार्मिक महत्व है।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर प्रांगण में संगीतमय श्रीमद् रामकथा ज्ञान यज्ञ, अखंड हवन एवं संत समागम का आयोजन किया गया है। यह नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान 23 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित होगा। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन अखंड हवन, श्रीराम कथा और भक्तों के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई है।
आयोजन की जानकारी देते हुए पीठाधीश्वर एवं आयोजक पूज्य महंत शिव नारायण दास जी महाराज ने बताया कि श्रीमद् रामकथा का आयोजन 23 जनवरी से 30 जनवरी तक प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक होगा। वहीं 31 जनवरी को प्रातः 10 बजे पूर्णाहुति संपन्न होगी, जिसके पश्चात दोपहर 12 बजे से महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा।
इस पावन अवसर पर अयोध्या धाम राम आज्ञा आश्रम से पधारे राजहंस मानस मधुर मार्तण्ड जी महाराज द्वारा संगीतमय श्रीराम कथा का रसपान कराया जाएगा।
आयोजन में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, धर्मप्रेमी एवं श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
आयोजकों ने समस्त राम भक्तों, श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी बंधुओं से आग्रह किया है कि वे इस पुण्य अवसर पर उपस्थित होकर श्रीराम कथा श्रवण एवं भंडारे में सहभागिता कर अपने जीवन को कृतार्थ करें।
इस पावन अवसर पर अभिषेक शाही राजवंश, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से सभी श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से समाज में सद्भाव, एकता और सकारात्मक सोच को बल मिलता है।
आइए, मिलकर एक बेहतर समाज का निर्माण करें।









