ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और वीर सैनिकों को किया गया नमन, पूर्व सैनिकों का विधायक ने किया सम्मान
शक्ति,साहस और संकल्प का प्रतीक है “आपरेशन सिंदूर”- ऋषि त्रिपाठी विधायक नौतनवां
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
सोनौली महराजगंज!भारत-नेपाल सीमा पर स्थित अंतर्राष्ट्रीय कस्बा सोनौली आज शुक्रवार को देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया, जब “भारत शौर्य तिरंगा यात्रा” का भव्य आयोजन किया गया। इस यात्रा का उद्देश्य भारतीय सेना के हालिया “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता का उत्सव मनाना और राष्ट्र की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करना था।
इस ऐतिहासिक यात्रा का नेतृत्व नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक ऋषि त्रिपाठी ने स्वयं तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। लगभग 50 मीटर लम्बे तिरंगे के साथ निकली यह यात्रा सोनौली स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित निरंजन होटल से प्रारंभ हुई। भारी संख्या में देशभक्त नागरिक, युवाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। उनके हाथों में देशभक्ति से ओतप्रोत तख्तियां थीं, जिन पर “भारत माता की जय”, “वीर सैनिक अमर रहें” और “जय हिंद” जैसे नारे लिखे थे। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा और राष्ट्रीय राजमार्ग देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा राम जानकी चौराहे से होते हुए भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ऐतिहासिक भारत द्वार तक पहुंची, जहां वीर सैनिकों को सैल्यूट करते हुए उन्हें नमन किया गया। तत्पश्चात यात्रा पुनः राम जानकी चौराहे पर लौटकर एक संक्षिप्त सम्मान समारोह में परिवर्तित हो गई।
इस मौके पर नौतनवा ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया, सोनौली नगर पंचायत अध्यक्ष हबीब खान, भाजपा के वरिष्ठ नेता व समाजसेवी दीपक बाबा, भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप सिंह, भाजपा नेता रवि वर्मा, प्रदीप पांडे, बबलू सिंह, सोनौली व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय रौनियार, प्रेम सिंह, प्रेम जायसवाल, ग्राम प्रधान विनय पांडे, प्रधान अखिलेश सिंह, राजू गुप्ता, बरखू निषाद, शनि मद्धेशिया, संजीव जायसवाल, कृपा शंकर मद्धेशिया, रूपेश अग्रवाल, आशुतोष त्रिपाठी, मौलाना असगर सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सभी ने एक स्वर में भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर हमारी सेना की शक्ति, साहस और संकल्प का प्रतीक है। यह तिरंगा यात्रा हमारे उन वीर जवानों को समर्पित है जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज सोनौली की धरती पर यह तिरंगा यात्रा देशभक्ति, एकता और साहस का प्रतीक बनकर उभरी है, जिसने सीमा पर बसे नागरिकों के दिलों में गर्व और आत्मबल भर दिया है।
सोनौली में हुई यह तिरंगा यात्रा न सिर्फ सैन्य गौरव का उत्सव थी, बल्कि नागरिकों के बीच राष्ट्रप्रेम और एकजुटता का संदेश भी लेकर आई, जिसने सीमा क्षेत्र को नई ऊर्जा और प्रेरणा से भर दिया।