चौक नगर पंचायत में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती पर निकाली भव्य एकता यात्रा

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज! सदर विधानसभा क्षेत्र के चौक नगर पंचायत में सोमवार को भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती पर विशाल और भव्य एकता यात्रा का आयोजन किया गया।

 

 

कार्यक्रम का नेतृत्व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री माननीय पंकज चौधरी ने किया। नगर पंचायत चौक पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उत्साहपूर्वक माल्यार्पण किया। स्वागत समारोह के दौरान केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, जिलाध्यक्ष संजय पांडेय तथा सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया को बड़ी माला पहनाकर सम्मानित किया गया। यात्रा के दौरान “सरदार पटेल अमर रहें”, “वंदे मातरम्”, “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। नगर पंचायत के गंभीरनाथ तिराहे पर माल्यार्पण के बाद एकता यात्रा का शुभारंभ हुआ, जो विभिन्न मार्गों और चौराहों से होकर सोनाड़ी माता मंदिर पर समाप्त हुई। यात्रा मार्ग में स्थानीय नागरिकों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर अगवानी की गई, जिससे माहौल पूर्ण रूप से राष्ट्रभक्ति और उत्साह से भर उठा।

यात्रा के पूर्व जनसैलाब को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र निष्ठा से देश की 562 रियासतों का एकीकरण कर एक अखंड भारत का निर्माण किया। आज भारत की एकता और अखंडता का श्रेय उनके अद्वितीय योगदान को जाता है।

 

 

उन्होंने कहा कि यदि हम एकजुट भारत में स्वतंत्र रूप से सांस ले रहे हैं, तो यह सरदार पटेल के अद्भुत कार्यों की देन है। पंकज चौधरी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरदार पटेल के सपनों को साकार करने में सतत् प्रयासरत हैं। मोदी जी के नेतृत्व में देश ने एकता, विकास और अखंडता के नए आयाम स्थापित किए हैं। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसी विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा न केवल श्रद्धांजलि है, बल्कि यह संकल्प भी है कि हम उनके दिखाए मार्ग पर चलकर राष्ट्र को और सशक्त बनाएंगे।

सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि सरदार पटेल के आदर्श आज भी हमारे लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय उर्फ संजय पांडेय ने कहा कि भाजपा की प्रत्येक कार्ययोजना में राष्ट्रीय एकता की भावना निहित है। एकता यात्रा के संयोजक जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ पटेल और जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री ओम प्रकाश पटेल ने किया।

इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य जनार्दन प्रसाद गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष परदेशी रविदास, गौतम तिवारी, कृष गोपाल जायसवाल, रमेश वर्मा, वीरेंद्र जायसवाल, जितेंद्र जायसवाल, दिनेश गिरी, नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता देवी, अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय मधेशिया, प्रमुख राम हरख गुप्ता, प्रमुख प्रतिनिधि इंजी. विवेक गुप्ता, घुघली प्रमुख ओम प्रकाश जायसवाल, चेयरमैन राजेश जायसवाल, लाल चंद्र चौधरी, उमेश जायसवाल, अशोक विश्वकर्मा, अनिल जोशी, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, बलराम दूबे, आकाश श्रीवास्तव, आकाश गुप्ता, पुंडरीक पटेल, ओम प्रकाश पांडेय, भिखारी प्रसाद, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!