महराजगंज में दिल दहला देने वाली वारदात

दिलीप त्रिपाठी 

श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बासपारकोठी गांव में सोमवार देर रात एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। 65 वर्षीय महिला सुमित्रा पर अपने 70 वर्षीय पति रामपति की जलाकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद गांव में भय, आक्रोश और सनसनी का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखा विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि सुमित्रा ने पहले पति पर हमला किया और फिर कमरे में आग लगा दी। आग लगाने के बाद कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर ताला लगा दिया गया और आरोपी महिला मौके से फरार हो गई।

 

 

कुछ ही देर में घर से धुआं उठता देख ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। अंदर का दृश्य देख हर कोई स्तब्ध रह गया। कमरे के भीतर रामपति मृत अवस्था में मिले।

ग्रामीणों का कहना है कि दंपति के बीच पहले भी विवाद होते रहे थे। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी महिला द्वारा पति पर हमला किए जाने की घटना सामने आई थी, लेकिन उस समय मामला शांत हो गया था। इस बार विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकीदार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि आरोपी महिला की तलाश में पुलिस टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को कारण माना जा रहा है।

गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

यह घटना एक बार फिर पारिवारिक विवादों के खतरनाक परिणामों की गंभीर चेतावनी बनकर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!