सात करोड़ के हाइड्रोपोनिक वीड की बड़ी खेप बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! भारत-नेपाल के सोनौली बॉर्डर पर बुधवार की सुबह एसएसबी और सोनौली पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान दो संदिग्ध युवकों से करीब 8.13 किलो हाइड्रोपोनिक वीड (उच्च गुणवत्ता का गांजा) बरामद कर उन्हें गिरफ्तार किया। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पकड़ी गई इस खेप की कीमत लगभग सात करोड़ रुपये आंकी गई है।

एसएसबी की एक्स-रे बैग स्कैनर जांच में दोनों के बैग में संदिग्ध वस्तुएं दिखने के बाद उन्हें रोककर पूछताछ की गई। संतोषजनक जवाब न मिलने पर दोनों को एसएसबी पोस्ट पर लाकर गहन पूछताछ की गई, जिसमें इनके पास नशीले पदार्थ की तस्करी की पुष्टि हुई।

पहले आरोपी जमील इशहाक चौगुले (निवासी रत्नागिरी, महाराष्ट्र) के बैग से 6 पैकेट मिले जिनका वजन 3.49 किलोग्राम रहा।

दूसरे आरोपी मोहसिन सलीम शेख (निवासी मलाड वेस्ट, मुंबई) के बैग से 8 पैकेट मिले, जिनका वजन 4.64 किलोग्राम पाया गया।

कुल मिलाकर 8.13 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुआ। नारकोटिक्स डिटेक्शन किट से परीक्षण पर इसकी पुष्टि हुई।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे यह नशीला पदार्थ नेपाल के काठमांडू से दिल्ली लेकर जा रहे थे। इस खेप को उन्हें महाराष्ट्र निवासी इरफान नाम के व्यक्ति ने उन्हें काठमांडू में सौंपा था, जो दिल्ली पहुंचने पर आगे की डिलीवरी के लिए संपर्क करता।

कार्रवाई में एसआई प्रिया तिवारी, कॉन्स्टेबल संदीप कुमार, एसएसबी निरीक्षक प्रशांत कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार यादव, हेड कॉन्स्टेबल तौकिर अहमद, कॉन्स्टेबल गौरव तिवारी, मीरा देवी और संगीता सहित पुलिस-एसएसबी की संयुक्त टीम शामिल रही।

सीओ नौतनवां अंकुर कुमार गौतम ने बताया कि बरामद 14 पैकेट हाइड्रोपोनिक वीड के साथ दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय चालान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!