सोनौली बॉर्डर पर कस्टम विभाग की बड़ी कामयाबी 

चांदी की तस्करी का भंडाफोड़

9.999 किग्रा चांदी के साथ दो नेपाली युवक गिरफ्तार

नेपाली नंबर की कार में सीट के पास छिपाकर भारत से नेपाल ले जाई जा रही थी चांदी 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर से चांदी की तस्करी का मामला सामने आया है। नौतनवां कस्टम विभाग ने भारत से नेपाल जा रही एक नेपाली नंबर की कार से करीब 10 किलो चांदी बरामद की है। इस मामले में दो नेपाली नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया है। बरामद चांदी गोरखपुर से नेपाल भेजी जा रही थी। घटना के बाद सीमा पर सुरक्षा और जांच एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

बुधवार की शाम नौतनवां कस्टम के असिस्टेंट कमिश्नर सुधीर कुमार त्यागी को मुखबिर से सूचना मिली कि एक नेपाली नंबर की कार में भारी मात्रा में चांदी नेपाल ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही कस्टम विभाग की टीम ने अधीक्षक जगत सिंह राणा, इंस्पेक्टर विवेक सिंह, सीतेश कुमार और कांस्टेबल देवेंद्र सिंह के साथ सोनौली कोतवाली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की जांच शुरू की।

जांच के दौरान भारत से नेपाल की ओर जा रही एक नेपाली नंबर की कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार की सीट के पास प्लास्टिक के दो पैकेट मिले। पैकेट खोलकर देखने पर उसमें चांदी के छोटे-छोटे टुकड़े पाए गए। कार सवार दोनों युवकों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।

चांदी को कस्टम कार्यालय नौतनवां ले जाकर तौला गया, जहां उसका वजन 9 किलो 999 ग्राम पाया गया।

पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने अपना नाम राकेश रजक निवासी सिद्धार्थनगर नगर पालिका, भैरहवा और समीर कुमार सिंह निवासी पोखरिया पर्सा नेपाल बताया। दोनों ने स्वीकार किया कि वे चांदी गोरखपुर से लेकर नेपाल जा रहे थे।

असिस्टेंट कमिश्नर सुधीर कुमार त्यागी ने बताया कि कार से लगभग 10 किलो चांदी बरामद की गई है और दोनों आरोपियों के खिलाफ कस्टम अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। गाड़ी समेत बरामद चांदी की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!