भाजपा के नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के जनपद में प्रथम बार आगमन पर उमड़ा जनसैलाब 

महराजगंज में जगह-जगह भाजपाइयों ने किया ऐतिहासिक स्वागत 

2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 2017 से भी बड़ी ऐतिहासिक जीत दिलाना पहली प्राथमिकता – पंकज चौधरी 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! भाजपा के नव-निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के प्रथम बार जनपद आगमन पर मंगलवार का दिन महराजगंज में उत्साह, उल्लास और स्वागत-अभिनंदन के अविस्मरणीय दृश्यों का साक्षी बना। जिले की सीमा कतरारी और टोल प्लाजा से लेकर नगर के प्रमुख चौराहों तथा भाजपा जिला कार्यालय तक कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जन सैलाब उमड़ पड़ा।

 

जगह-जगह जेसीबी मशीनों से पुष्प वर्षा, क्रेन के माध्यम से विशाल माला पहनाकर अभिनंदन और कार्यकर्ताओं के गगनभेदी नारों ने पूरे जनपद को उत्सवमय माहौल में बदल दिया। प्रदेश अध्यक्ष का यह भव्य स्वागत जिले के राजनीतिक इतिहास में ‘ऐतिहासिक क्षण’ के रूप में दर्ज हो गया।

कतरारी और टोल प्लाजा पर जेसीबी से पुष्प वर्षा कर पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में स्वागत किया गया। परतावल में भाजपा नेता निर्भय सिंह, शिवशंकर वर्मा एवं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने प्रदेश अध्यक्ष का हार्दिक स्वागत किया।

भिटौली में जिला कोषाध्यक्ष ठाकुर रौनियार एवं पूर्व जिला मंत्री प्रदीप उपाध्याय के नेतृत्व में अभिनंदन किया गया। शिकारपुर में प्रमुख प्रतिनिधि धीरू सिंह, पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष दिनेश जायसवाल एवं इंद्रजीत गुप्ता के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

 

 

 

गौनरिया में प्रधान रामेंद्र पटेल, तथा रामपुरवा में जिला पंचायत सदस्य अभय बहादुर सिंह एवं चौधरी विजय सिंह ने स्वागत-सत्कार किया।

हनुमानगढ़ी पर मुरली निगम, सतीश वर्मा, मोहित मदन मधेशिया एवं श्याम नारायण यादव की टीम ने प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया।

नगर में सक्सेना तिराहे पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सनंदन पटेल और नगरवासियों ने फूल-मालाओं के बीच जोरदार स्वागत किया।

भव्य स्वागत श्रृंखला के बाद भाजपा जिला कार्यालय में विशाल स्वागत सभा का आयोजन किया गया। व्यापार मंडल, ईंट भट्ठा संघ, अधिवक्ता संघ, रईस मिलर संघ सहित विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों ने स्मृति चिन्ह भेंट कर प्रदेश अध्यक्ष का सम्मान किया।

विधायकगण एवं पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें भव्य माला पहनाकर अभिनंदन किया।

स्नेह और सम्मान से अभिभूत प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने आत्मीय संबोधन में कहा कि संगठन और कार्यकर्ता मेरे लिए सर्वोपरि हैं। मेरे राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी शक्ति जनता का आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की निष्ठा है। मैं स्वयं को एक कार्यकर्ता-केंद्रित नेता मानता हूं।

संबोधन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष कई बार भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि महराजगंज की जनता और देवतुल्य कार्यकर्ताओं का स्नेह उनके लिए अमूल्य धरोहर है।

प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 2017 से भी बड़ी ऐतिहासिक जीत दिलाना आवश्यक है। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक सुदृढ़ करना और प्रत्येक कार्यकर्ता का सक्रिय योगदान अनिवार्य है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की बदली तस्वीर का उल्लेख करते हुए कहा कि कभी बीमारू कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश ने आज कानून-व्यवस्था, विकास और सुशासन के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए हैं।

पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने पंकज चौधरी को संगठन का गर्व बताया।सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि अध्यक्ष का राजनीतिक जीवन संघर्ष और सेवा की मिसाल है।

जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का गृह जनपद आगमन संगठन की एकता और कार्यकर्ताओं की निष्ठा का प्रतीक है। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री ओम प्रकाश पटेल ने किया।

इस अवसर पर जिला प्रभारी राम जियावन मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक प्रेम सागर पटेल, विधायक ऋषि त्रिपाठी, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद गुप्ता, तथा विभिन्न पदाधिकारी, युवा मोर्चा अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!