बाढ़ आपदा से निपटने को लेकर नौतनवां तहसील क्षेत्र के चकदह गांव में हुआ मॉकड्रिल

मनोज कुमार त्रिपाठी 

नौतनवां महराजगंज! नेपाल से निकलने वाली नदियों के कारण भारतीय सीमा क्षेत्र में हर वर्ष आने वाली बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पहले से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को नौतनवां तहसील क्षेत्र के ग्राम चकदह खास में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉकड्रिल अभ्यास का नेतृत्व उप जिलाधिकारी नौतनवां नवीन कुमार के निर्देशन में संपन्न कराया गया।

 

मॉकड्रिल की शुरुआत आपदा की सूचना मिलते ही राहत और बचाव टीमों को सक्रिय करने से हुई। क्षेत्राधिकारी जय प्रकाश त्रिपाठी और तहसीलदार कर्ण सिंह की मौजूदगी में एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन विभाग, गोताखोर दल, और अन्य आपातकालीन एजेंसियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से लोगों को निकालने का सफल अभ्यास किया।

अभ्यास के दौरान पेड़ों और मकानों की छतों पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, नाव पलटने की स्थिति में त्वरित बचाव, और राहत शिविरों तथा फील्ड अस्पताल की स्थापना जैसी गतिविधियां की गईं। साथ ही, सड़कों और पुलों के क्षतिग्रस्त होने पर वैकल्पिक संचार व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया।

इस मॉकड्रिल में 26 वीं वाहिनी पीएसी बाढ़ राहत दल, नौतनवां इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स, ब्लॉक नौतनवां के वीडीओ अमित कुमार मिश्रा, यमओआईसी रतनपुर डॉ. सुरेंद्र कुमार, अग्निशमन अधिकारी वीरसेन सिंह, ग्राम प्रधान वीरेंद्र राजभर, और स्थानीय ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भागीदारी रही।

उप जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि इस तरह की मॉकड्रिल से न केवल संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा होती है, बल्कि स्थानीय लोगों को भी आपदा के समय संयम और सतर्कता बरतने का संदेश मिलता है। क्षेत्राधिकारी जय प्रकाश त्रिपाठी ने इसे प्रशासनिक समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता के लिए बेहद जरूरी बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!