उत्तर प्रदेश की राजनीति में ब्राह्मण नेतृत्व को लेकर नई बहस शुरू 

लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन के बाद यह चर्चा और मुखर हो गई है कि प्रदेश को एक ऊर्जावान, स्वीकार्य ,सरल,क्षमाशील और मिलनसार ब्राह्मण चेहरा चाहिए। इस पूरे परिदृश्य में बृजेश पाठक का नाम तेजी से उभर कर सामने आया है।

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

लखनऊ! उत्तर प्रदेश की राजनीति में ब्राह्मण नेतृत्व का लंबा इतिहास रहा है। कांग्रेस के दौर में अनेक ब्राह्मण मुख्यमंत्री हुए, जिनमें अंतिम प्रमुख नाम नारायण दत्त तिवारी का रहा। उनके कार्यकाल को प्रशासनिक दक्षता और विकास उन्मुख राजनीति के लिए याद किया जाता है। भाजपा के संदर्भ में भी यह देखा गया है कि जब प्रदेश संगठन या सत्ता में ब्राह्मण नेतृत्व को प्रमुखता मिली, तब पार्टी को व्यापक सामाजिक संतुलन साधने में लाभ हुआ। 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में लक्ष्मीकांत बाजपेयी के नेतृत्व में भाजपा ने ऐतिहासिक सफलता अर्जित की।

यूपी की राजनीति में ब्राह्मण नेतृत्व को लेकर एक नई बहस तेज होती दिख रही है। हाल के घटनाक्रमों, विशेषकर लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन के बाद यह चर्चा और मुखर हो गई है कि प्रदेश को एक ऊर्जावान, स्वीकार्य,सरल , क्षमाशील और मिलनसार ब्राह्मण चेहरा चाहिए। इस पूरे परिदृश्य में बृजेश पाठक का नाम तेजी से उभरकर सामने आया है। वहीं दूसरी ओर डॉ. दिनेश शर्मा के प्रति असंतोष और तीखी नारेबाजी ने यह संकेत दिया कि राजनीतिक स्वीकार्यता केवल पद से नहीं, बल्कि जनसंवाद और सक्रिय उपस्थिति से तय होती है। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र की मौजूदगी में हुआ विरोध यह दर्शाता है कि ब्राह्मण समाज के भीतर भी पीढ़ीगत परिवर्तन की मांग उठ रही है।

यह तथ्य इस बहस को बल देता है कि उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण नेतृत्व केवल जातीय समीकरण का विषय नहीं, बल्कि संगठनात्मक संतुलन और राजनीतिक संदेश का भी प्रश्न है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुए सम्मेलन में जो घटनाक्रम सामने आया, वह केवल व्यक्तिगत विरोध या समर्थन का मामला नहीं था। यह उस मनोविज्ञान का प्रतिबिंब था जिसमें समाज का एक बड़ा वर्ग अपने प्रतिनिधि से सक्रिय संवाद, उपलब्धता और संवेदनशीलता की अपेक्षा करता है। डॉ. दिनेश शर्मा, जिन्हें ब्राह्मण कोटे से डिप्टी सीएम बनाया गया था और जो वर्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं, उनके प्रति असंतोष ने यह संकेत दिया कि केवल संगठनात्मक पद या संसदीय उपस्थिति से समाज संतुष्ट नहीं होता।

इसके विपरीत, बृजेश पाठक को जिस प्रकार समर्थन और सम्मान मिला, वह उनकी राजनीतिक शैली का परिणाम माना जा रहा है, सहजता, सुलभता और निरंतर संपर्क। इन्हीं अहम कारणों से बृजेश पाठक का नाम उभर कर सामने आ रहा है। 

राजनीतिक गलियारों में यह धारणा प्रबल है कि पाठक आम कार्यकर्ता और नागरिक के लिए सुलभ हैं। छात्र जीवन से लेकर वर्तमान तक संगठनात्मक सक्रियता ने उन्हें जमीनी नेटवर्क दिया है।

वे केवल ब्राह्मण समाज तक सीमित न रहकर व्यापक सामाजिक आधार बनाने का प्रयास करते रहे हैं।

डिप्टी सीएम के रूप में उनकी सक्रियता ने उन्हें सत्ता और संगठन के बीच सेतु का कार्य करने का अवसर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!