लुंबिनी की राजनीति में नया चेहरा, नई सोच का ऐलान 

“समय युवा का है” — क्षेत्र नंबर 5 से सुनील चौधरी का दमदार उदय

मनोज कुमार त्रिपाठी 

रुपन्देही (लुंबिनी) — प्रगतिशील लोकतांत्रिक पार्टी ने रुपन्देही जिले के क्षेत्र नंबर–5 से सुनील चौधरी को प्रतिनिधि सभा सदस्य पद का उम्मीदवार घोषित कर राजनीतिक हलकों में नई ऊर्जा भर दी है। लुंबिनी सांस्कृतिक नगर पालिका, वार्ड नंबर–10 के निवासी सुनील चौधरी ने नामांकन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए केवल पद नहीं, बल्कि लुंबिनी के भविष्य को नई दिशा देने का संकल्प है।

YouTube player

 

 

उन्होंने कहा कि प्रगतिशील लोकतांत्रिक पार्टी उन्नत सोच, नई दृष्टि और समय के अनुरूप युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने वाली पार्टी है। “आज का समय युवाओं का है और पार्टी ने इसी सोच के साथ मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी है,” उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा।

लुंबिनी विकास कोष पर सीधी चोट

लुंबिनी विकास कोष में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सुनील चौधरी ने बेबाक रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार अब खुला नहीं, बल्कि परतों में छिपकर चल रहा है, और इसका पर्दाफाश जरूरी है। “जो कुछ हमारी आंखों ने देखा है, वह चिंताजनक है। यह व्यवस्था सुधार की मांग करती है, और हम इसे नजरअंदाज नहीं करेंगे,” उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा।

 

 

पर्यटन, रोजगार और स्वावलंबन का रोडमैप

युवा नेता सुनील चौधरी ने लुंबिनी के विकास का वैश्विक दृष्टिकोण सामने रखा। जापान में छह वर्षों के अनुभव और सिंगापुर व चीन जैसे देशों के मॉडल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पर्यटन ही लुंबिनी की सबसे बड़ी ताकत है।

“अगर पर्यटन, संस्कृति और समाज को योजनाबद्ध तरीके से जोड़ा जाए, तो हर युवा को रोजगार और हर परिवार को स्वावलंबन मिल सकता है,” उन्होंने कहा। होटल, सेवा क्षेत्र, स्थानीय उद्यम और स्वरोजगार के जरिए लुंबिनी को आर्थिक रूप से मजबूत करने की स्पष्ट सोच उन्होंने जनता के सामने रखी।

 

 

जनता के साथ, स्थानीय के लिए

सुनील चौधरी ने भरोसा दिलाया कि लुंबिनी विकास कोष से जुड़े हर फैसले में स्थानीय हित सर्वोपरि रहेगा। योजनाएं समय के साथ चरणबद्ध तरीके से लागू होंगी और जनता को उनका सीधा लाभ मिलेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!