सार
बिहार के किशनगंज में भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा में तैनात बीएसएफ जवानों ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक बांग्लादेशी नागरिक को पनाह देने वाले सत्तार को भी गिरफ्तार किया गया है।
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
बिहार! बिहार के किशनगंज में भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा में तैनात बीएसएफ जवानों ने बुधवार देर रात दो तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में से एक बांग्लादेश का मोहम्मद मूसा है, जबकि दूसरा मंजर आलम है, जो मूसा का साला है और भारतीय नागरिक बताया जा रहा है। वहीं गुरुवार रात विदेशी नागरिक को पनाह देने वाले सत्तार को भी गिरफ्तार किया गया है।
बीएसएफ जवानों ने दोनों आरोपियों को किया बंगाल पुलिस के हवाले
मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार दो आरोपियों से आवश्यक पूछताछ के बाद उन्हें बंगाल पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसके अलावा, किशनगंज पुलिस ने बिना वैध दस्तावेज के भारत में प्रवेश करने वाले बांग्लादेशी नागरिक को भारत में पनाह देने के आरोपी सत्तार को गिरफ्तार किया है।
सैफुल इस्लाम को दी थी पनाह
सत्तार पर आरोप है कि उसने बांग्लादेशी नागरिक सैफुल इस्लाम को भारत में पनाह दी थी। पुलिस ने गत दो फरवरी को सैफुल इस्लाम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ के दौरान उसने अपने पनाहगार के रूप में सत्तार के नाम का खुलासा किया था। फिलहाल पुलिस आरोपी सत्तार से पूछताछ कर रही है, लेकिन वह लगातार अपना बयान बदल रहा है।