सार
नवलपरासी में नेपाली कांग्रेस ने आगामी चुनाव को लेकर बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देवेंद्र राज कंडेल को जिले के दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी अभियान की कमान सौंपी गई है। केंद्रीय समिति ने उन्हें निर्वाचन परिचालन संयोजक नियुक्त करते हुए अभियान तेज करने का निर्देश दिया है। पार्टी का कहना है कि अब सभी मतभेद खत्म कर कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेंगे।
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नवलपरासी नेपाल! नेपाली कांग्रेस ने आगामी चुनाव को देखते हुए नवलपरासी जिले में संगठनात्मक ताकत बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता देवेंद्रराज कंडेल को जिले के दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव अभियान की कमान सौंप दी गई है। केंद्रीय समिति ने उन्हें निर्वाचन परिचालन संयोजक नियुक्त करते हुए उम्मीदवारों को विजय दिलाने की विशेष जिम्मेदारी दी है।
केंद्रीय नेतृत्व की ओर से भेजे गए पत्र में निर्वाचन क्षेत्र नंबर 1 के उम्मीदवार विनोद कुमार चौधरी और क्षेत्र नंबर 2 के उम्मीदवार भीम बहादुर थापा (भरत) के पक्ष में माहौल बनाने, पार्टी इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित करने और केंद्रीय समिति ने बनाया निर्वाचन परिचालन संयोजक चुनावी गतिविधियों को तेज करने का निर्देश दिया गया है। पत्र पर पार्टी सभापति गगन कुमार थापा के हस्ताक्षर हैं। पूर्व में नामांकन संबंधी विवाद के कारण कंडेल की उम्मीदवारी रद्द हो गई थी, जिसके बाद वे असंतुष्ट बताए जा रहे थे। अब पार्टी ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर संगठनात्मक एकता का संदेश दिया है।
कार्यवाहक जिला सभापति विक्रम यादव ने कहा कि अब सभी मतभेद समाप्त हो चुके हैं और कंडेल जी के नेतृत्व में कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव अभियान को आगे बढ़ाएंगे।