भैरहवा, रूपन्देही।
मनोज कुमार त्रिपाठी
“एकता, सहिष्णुता और सद्भाव हमारी पहचान है, शांति और समृद्धि ही हमारा लक्ष्य” अभियान के तहत राष्ट्र निर्माता स्वर्गीय श्री 5 बडा महाराजाधिराज पृथ्वी नारायण शाह सरकार के 304वें जन्मोत्सव एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भैरहवा में एक भव्य सद्भाव रैली का आयोजन किया गया।

यह सद्भाव रैली मिति 2082 पौष 27 गते को आयोजित की गई, जिसकी अगुवाई कैप्टन गौरव बोहरा ने की। रैली में विभिन्न सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों, युवाओं, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, आपसी सद्भाव, धार्मिक सहिष्णुता तथा सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश दिया गया।
इस अवसर पर कैप्टन गौरव बोहरा ने राष्ट्र निर्माता पृथ्वी नारायण शाह के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके द्वारा स्थापित एकता की भावना आज भी उतनी ही प्रासंगिक रही है। उन्होंने समाज में आपसी भाईचारे, सहिष्णुता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने पृथ्वी नारायण शाह द्वारा प्रतिपादित एकीकृत, स्वाभिमानी और सुदृढ़ राष्ट्र की अवधारणा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। यह सद्भाव रैली शांतिपूर्ण, अनुशासित और उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।






