अखंड रामायण और भंडारे का हुआ आयोजन,कई श्रद्धालु मौजूद रहे
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज! महराजगंज जनपद में बारिश न होने से स्थानीय आमजन व किसान बेहद परेशान हैं। इस समस्या के समाधान के लिए गुरुवार को नगर पंचायत सोनौली स्थित माता चंचाई देवी मंदिर परिसर में इंद्रदेव और भगवान शंकर को प्रसन्न करने का भक्तों द्वारा पूजा-अर्चना किया गया।
मंदिर समिति के सदस्यों ने गुरुवार को विशाल अखंड रामायण का आयोजन किया। अखंड रामायण के समापन के बाद आरती और पूजन का कार्यक्रम रखा गया है। शुक्रवार को प्रसाद वितरण होगा। इसके अतिरिक्त, मंदिर समिति ने विशाल भंडारे का भी आयोजन किया है।
क्षेत्र में बारिश न होने से किसान और ग्रामीण बहुत चिंतित हैं। अगर जल्द बारिश नहीं हुई तो फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। इस स्थिति से निपटने के लिए गांव की महिलाएं जल लेकर विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक कर रही हैं और गीत गा रही हैं।
इंद्रदेव, भगवान भोलेनाथ और माता चंचाई देवी को प्रसन्न करने के लिए लोग अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। मंदिर समिति के अध्यक्ष संतोष पांडे के नेतृत्व में यह आयोजन किया गया है। समिति के अन्य सदस्यों में मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष दिलीप त्रिपाठी,संजय तिवारी, पंकज तिवारी, रिंकू जायसवाल और धीरज मद्धेशिया शामिल हैं।
इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी का उद्देश्य एक ही है -बारिश के लिए देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करना ताकि फसलों के साथ-साथ मानव जीवन को बचाया जा सके और किसानों की आजीविका सुरक्षित रहे।

